June 6, 2026

“Value Your Virtues” अभियान का वैश्विक आगाज़, 12वें वर्ष में पहुँची मानवीय मूल्यों की मुहिम

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में स्थित सतयुग दर्शन ट्रस्ट के मार्गदर्शन में “Value Your Virtues” अभियान का शुभारंभ 6 अप्रैल 2026 को सतयुग दर्शन वसुंधरा में किया गया। यह अभियान अपने 12वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और अब वैश्विक स्तर पर लोगों को मानवीय मूल्यों से जोड़ने का काम कर रहा है।

इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपने अंदर के अच्छे गुणों जैसे संतोष, धैर्य, सच्चाई, धर्म, समता और परोपकार को पहचानने और अपनाने के लिए प्रेरित करना है। खासतौर पर युवाओं को एक सकारात्मक दिशा देने के लिए यह अभियान एक मजबूत मंच प्रदान करता है।

अभियान के तहत तीन प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं जैसे की ‘अंतर्राष्ट्रीय मानवता ओलंपियाड’, ‘आध्यात्मिक वाक्पटुता’ और ‘कविता सुमन’। ये सभी प्रतियोगिताएं निःशुल्क हैं। ‘मानवता ओलंपियाड’ में 15 मिनट की ऑनलाइन परीक्षा के जरिए प्रतिभागियों को इन मूल्यों की समझ दी जाती है, जबकि बाकी प्रतियोगिताओं में छात्र अपने विचार और भावनाएं व्यक्त कर सकते हैं।

इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 5 लाख रुपये तक के पुरस्कार भी दिए जाएंगे। पिछले 11 वर्षों में केवल मानवता ओलंपियाड में ही 70 लाख से ज्यादा लोगों ने भाग लिया है, जिससे इसकी लोकप्रियता और प्रभाव साफ दिखाई देता है। भारत के 22 राज्यों के छात्र भी इस अभियान से जुड़े हैं। अब दिल्ली, उत्तराखंड, असम, उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित कई राज्य सरकारों ने इस पहल को समर्थन दिया है, जबकि अन्य राज्यों में भी अनुमति की प्रक्रिया जारी है।

इस अभियान का मुख्य केंद्र “भाव-स्वभाव परिवर्तन क्रांति” है, जिसका उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच और अच्छे चरित्र का विकास करना है। इसी के तहत देश के कई शहरों में “समभाव-समदृष्टि” के निःशुल्क स्कूल भी खोले जाएंगे।

यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप है, जो छात्रों के नैतिक और समग्र विकास पर जोर देती है। ट्रस्ट ने सभी स्कूलों, शिक्षकों, छात्रों और आम लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान में हिस्सा लें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान दें।