June 6, 2026

एक हफ्ते में 29 साइबर ठग गिरफ्तार, 22 लाख से ज्यादा रकम बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हफ्ते में 29 ठगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान करीब 22.25 लाख रुपये की रकम भी बरामद की गई है।

यह कार्रवाई 11 से 17 अप्रैल के बीच की गई, जिसमें फरीदाबाद के तीनों साइबर थानों की टीम शामिल रही। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया।

पुलिस के अनुसार, कुल 6 मामलों में कार्रवाई करते हुए 29 आरोपियों को पकड़ा गया। इनमें साइबर थाना NIT का 1 मामला, सेंट्रल के 3 मामले और बल्लभगढ़ के 2 मामले शामिल हैं।

इसके अलावा, पुलिस ने 256 शिकायतों का निपटारा किया और करीब 2.06 लाख रुपये को खातों में फ्रीज कराया, ताकि ठगी की रकम को आगे इस्तेमाल न किया जा सके।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के लालच में न आएं और सतर्क रहें। अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करें।