Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां गुमशुदा बच्चे की जानकारी के नाम पर परिवार से पैसे ठगे गए। इस मामले में पुलिस चौकी सिकरौना की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शिव कॉलोनी निवासी संतोष ने 8 अप्रैल को शिकायत दी थी कि उसका 15 साल का बेटा 7 अप्रैल को बिना बताए घर से चला गया। बेटे की तलाश के लिए उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी, जिसमें अपना मोबाइल नंबर भी दिया था।
इसके बाद 8 अप्रैल को उसके पास एक कॉल आई, जिसमें कहा गया कि उसका बेटा उनके पास है और उसे वापस करने के लिए 10 हजार रुपये मांगे गए। कॉल करने वाले ने एक QR कोड भेजा, जिस पर संतोष ने पैसे ट्रांसफर कर दिए। बाद में फिर से 10 हजार रुपये मांगने पर उसे ठगी का शक हुआ और उसने पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने जांच करते हुए QR कोड से जुड़े खाताधारक इस्तशाम, निवासी उत्तर प्रदेश, को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल के लिए दिया हुआ था और वह दिल्ली में एक चाय की दुकान पर काम करता है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

