June 6, 2026

मां के घर से चोरी करने वाला बेटा गिरफ्तार, आभूषण बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में घर से आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो शिकायतकर्ता का बेटा ही निकला। आरोपी की पहचान रजत कुमार के रूप में हुई है, जो पहले बदरपुर की विश्वकर्मा कॉलोनी का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, पर्वतीय कॉलोनी की एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसका बेटा रजत, जो उसके साथ नहीं रहता था, एक्सीडेंट के बाद उसके पास रहने आया था। इसी दौरान उसने मौका पाकर घर से आभूषण चोरी कर लिए और फरार हो गया।

मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी पैरों की चुटकी और चांद-सूरज के आकार के दो आभूषण बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक्सीडेंट के इलाज के कारण उस पर कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपनी ही मां के घर में चोरी की।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।