June 6, 2026

फरीदाबाद में 3 दुकानों में आग, लाखों का सामान जलकर राख

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में रविवार सुबह एक हादसे में तीन छोटी दुकानों में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है।

यह घटना प्रेस कॉलोनी में शिव मंदिर के पास टीन शेड की दुकानों में हुई। सुबह एक दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने तुरंत दुकान मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।

दुकान मालिक महेंद्र ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10:15 बजे पड़ोसी दुकानदारों ने फोन कर आग लगने की जानकारी दी। वह 10 मिनट के अंदर मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी और दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में लगी थीं।

महेंद्र के अनुसार, उन्होंने शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद की थी और बिजली का मेन स्विच भी बंद कर दिया था। उनकी दुकान में प्लास्टिक का सामान और स्टील के बर्तन रखे थे, जो आग में जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।

आग की चपेट में पास की दो और दुकानें भी आ गईं। इनमें कपड़े, बर्तन और प्लास्टिक का सामान रखा था, जो काफी हद तक जल गया। तीनों दुकानदारों को इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

पुलिस के मुताबिक इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। फिलहाल आग लगने के असली कारणों की जांच की जा रही है।