June 6, 2026

ओयो होटल में युवक की चाकू मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह घटना 10 अप्रैल की रात मथुरा रोड स्थित रेड लायन ओयो होटल में हुई।

मृतक की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जो सूर्य विहार पार्ट-2 का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि तीन युवकों ने झगड़े के दौरान सचिन पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

इस मामले में मृतक के पिता मोहन सिंह की शिकायत पर थाना सराय ख्वाजा में केस दर्ज किया गया और जांच अपराध शाखा डीएलएफ को सौंपी गई।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार दहिया के अनुसार, क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जो बडोली (पलवल) का रहने वाला है और फिलहाल संतोष नगर, फरीदाबाद में रह रहा था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी महिला को लेकर हुए विवाद में यह झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपी ने सचिन पर हमला किया।

पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि आगे की पूछताछ की जा सके। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।