June 6, 2026

बिजली निगम के स्टोर में चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने चोरी के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने 9 अप्रैल को की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम (36), निवासी भौंडसी, जिला गुरुग्राम और जाबिर (38), निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-25 स्थित हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के स्टोर से 3 फरवरी को अनआर्म्ड कॉपर केबल और अन्य सामान चोरी हो गया था। इस संबंध में सेक्टर-58 थाना में मामला दर्ज किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी जाबिर ने पहले विक्रम की वैगनार कार किराए पर लेकर दो दिन तक स्टोर की रेकी की। इसके बाद जाबिर ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक कबाड़ी की पिकअप गाड़ी से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। विक्रम को रेकी करने के बदले 6 हजार रुपये मिले थे।

चोरी के बाद जाबिर ने सारा सामान कबाड़ी मोईनुदीन को करीब 2 लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस पहले ही कबाड़ी मोईनुदीन को गिरफ्तार कर चुकी है और उसके पास से कॉपर और एल्युमिनियम के तार समेत अन्य सामान बरामद किया जा चुका है।

विक्रम पेशे से टैक्सी चालक है। उसे जेल भेज दिया गया है, जबकि जाबिर को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जाबिर के खिलाफ गुरुग्राम और पलवल में पहले से चोरी के 5 मामले दर्ज हैं।