Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने सेक्टर-12 कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 10 अप्रैल को मॉक ड्रिल आयोजित की। इस ड्रिल का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार ने किया।
करीब डेढ़ घंटे चली इस मॉक ड्रिल का मकसद पुलिस की तैयारी, आपसी तालमेल और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने की क्षमता (रिस्पॉन्स टाइम) को परखना था।
इस दौरान क्राइम ब्रांच की कई टीमें, बॉम्ब स्क्वाड, डॉग स्क्वाड, SWAT टीम और स्थानीय पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की। सभी टीमों ने कोर्ट परिसर, चैंबर एरिया और आसपास के पार्किंग क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
ड्रिल के दौरान पूरे इलाके को चारों तरफ से घेरकर चेकिंग की गई और हर टीम के काम करने के तरीके को बारीकी से देखा गया।
पुलिस के अनुसार, इस अभ्यास में सभी टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया और उनका रिस्पॉन्स टाइम भी बेहतर पाया गया। यह मॉक ड्रिल किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की तैयारी को मजबूत करने के लिए की गई थी।

