Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए 10 अप्रैल 2026 को डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह ने एक समीक्षा बैठक की। यह बैठक डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें सभी जोनल अधिकारी और यातायात थाना प्रभारी अनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, सड़क सुरक्षा अभियान और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जाए और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।
उन्होंने बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियां और नियमों का उल्लंघन करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। ऐसे वाहनों की पहचान कर चालान और कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
सड़क हादसों को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट, भीड़भाड़ वाले इलाकों और मुख्य सड़कों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, जाम की समस्या को कम करने, अवैध पार्किंग हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित बनी रहे।

