June 17, 2026

पलवल अनाज मंडी में धान घोटाले का आरोप, जांच की मांग

Palwal/Alive News: पृथला से कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने पलवल अनाज मंडी में करोड़ों रुपये के धान घोटाले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि धान खरीद के दौरान किसानों से 289 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से मोटा कमीशन लिया गया।

विधायक ने कहा कि इस मामले में मंडी समिति के एक इंस्पेक्टर की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि यह मुद्दा उन्होंने विधानसभा में भी उठाया था, लेकिन उनकी बात को दबा दिया गया। अब उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच विजिलेंस से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

उन्होंने यह भी मांग की कि जिन किसानों से जबरन पैसा लिया गया है, वह राशि उन्हें वापस दी जाए। विधायक ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की, तो किसान आंदोलन करेंगे और वह खुद किसानों के साथ धरना-प्रदर्शन पर बैठेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान कई पीड़ित किसान भी मौजूद थे, जिन्होंने आरोप लगाया कि उनसे धान बेचने के समय भारी रकम ली गई।

रघुबीर तेवतिया ने कहा कि वह खुद किसान हैं और किसानों की समस्या को समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों में बिना रिश्वत के फसल की खरीद नहीं हो रही है।

विधायक ने गेहूं खरीद को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गेट पास और बायोमेट्रिक जैसी नई व्यवस्थाओं से किसानों को परेशानी हो रही है। मंडियों में पोर्टल बार-बार बंद हो जाता है, जिससे किसानों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार का 24 घंटे में उठान और 72 घंटे में भुगतान का दावा भी सही साबित नहीं हो रहा है। कई किसानों को अभी तक अपनी फसल का पैसा नहीं मिला है।

इसके अलावा, बेमौसम बारिश से खराब हुई गेहूं की फसल को लेकर भी उन्होंने सरकार से मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को फसल में नमी की सीमा में छूट देनी चाहिए और किसानों को उचित राहत देनी चाहिए।

अंत में विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों के खिलाफ काम कर रही है और उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।