Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एक पंचर लगाने वाले युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी बस अड्डा बल्लभगढ़ की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 3 अप्रैल की है। शिकायतकर्ता लक्ष्मण, जो सुभाष कॉलोनी का रहने वाला है, बल्लभगढ़ मेट्रो स्टेशन के पास पंचर की दुकान चलाता है। कुछ दिन पहले नरेन्द्र उर्फ छोटू उसकी दुकान पर आया और उससे 50 रुपये उधार लेकर चला गया।
अगले दिन नरेन्द्र अपने साथियों नितिन उर्फ साटा, सूरज और एक अन्य व्यक्ति के साथ फिर दुकान पर आया। जब लक्ष्मण ने अपने पैसे वापस मांगे, तो वे नाराज होकर वहां से चले गए।
कुछ समय बाद आरोपी दोबारा आए और लक्ष्मण को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर ले गए। रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद कैली बाईपास के पास गाड़ी रोककर उसे लाठी-डंडों से पीटा और वहीं छोड़कर फरार हो गए।
शिकायत मिलने पर थाना शहर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि पैसे मांगने पर आरोपियों को अपमान महसूस हुआ, इसी वजह से उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपी नरेन्द्र उर्फ छोटू, नितिन उर्फ साटा और सूरजपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई S-Presso कार भी बरामद कर ली गई है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

