Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां दिल्ली के एक युवक की झील में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपने चार दोस्तों के साथ दिल्ली से फरीदाबाद के सिरोही स्थित कृत्रिम झील पर घूमने और नहाने आया था। मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे सभी दोस्त झील में नहा रहे थे। इसी दौरान अभिषेक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोस्तों ने उसे बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन कुछ ही देर में वह पानी में गायब हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई।
काफी देर की कोशिश के बाद अभिषेक को झील से बाहर निकाला गया और तुरंत बादशाह खान नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अभिषेक दिल्ली के बसंत गांव का रहने वाला था और एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। आज पोस्टमॉर्टम किया जाएगा और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

