June 6, 2026

फरीदाबाद में 3 झपटमार गिरफ्तार, छीना गया मोबाइल बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने झपटमारी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध) राजेश कुमार मोहन के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि (24), दीपक (24) निवासी ओल्ड फरीदाबाद और जतिन (23) निवासी सेक्टर-28 के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें सेक्टर-29 बाईपास रोड से पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, बनवारी कॉलोनी निवासी सुरेश ने थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दी थी कि 2 अप्रैल की शाम को वह काम पर जा रहा था। जब वह मेट्रो पिलर नंबर P-432 के पास पहुंचा, तभी 3 युवक आए और उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए।

जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आपस में दोस्त हैं और नशा करने के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।