June 6, 2026

वाहन चोरी का खुलासा: पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, चोरी किया ऑटो बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में वाहन चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी किया गया ऑटो भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अबजद उर्फ लाला के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद में रह रहा था।

इस मामले में गांधी कॉलोनी निवासी विनोद कुमार ने थाना एसजीएम नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 फरवरी की रात वह पटेल चौक से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में भूजल भवन के पास उन्होंने अपना ऑटो खड़ा किया और पानी पीने चले गए। जब वह वापस आए तो उनका ऑटो वहां से गायब था।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि जैसे ही ऑटो चालक पानी पीने गया, उसने मौका देखकर ऑटो चोरी कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रहा है और कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।