September 27, 2026

क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट के नाम पर ठगी: साइबर पुलिस ने महिला आरोपी को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक और महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने इस महिला को दिल्ली के उत्तम नगर से पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार, ऊंचा गांव के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 11 नवंबर 2025 को उसे एक कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड में 2 हजार रिवॉर्ड पॉइंट हैं, जिन्हें वह इस्तेमाल कर सकता है। इसके लिए आरोपी ने उसे एक लिंक भेजा और उस पर अपनी कार्ड डिटेल भरने को कहा।

जैसे ही व्यक्ति ने लिंक पर अपनी जानकारी भरी, उसके खाते से 25,782 रुपये कट गए। इसके बाद उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिला और उसकी एक साथी ने मिलकर यह ठगी की थी। उन्होंने फर्जी लिंक के जरिए लोगों से क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर पैसे निकाल लिए।

पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।