June 6, 2026

श्रीसिद्धदाता आश्रम में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया श्रीहनुमान जन्मोत्सव

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड मार्ग स्थित श्रीलक्ष्मीनारायण दिव्यधाम-श्रीसिद्धदाता आश्रम में गुरुवार को श्रीहनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पूरा आश्रम “जय श्रीराम” और “बजरंगबली” के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद-वेदांग संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों और आचार्यों द्वारा श्री हनुमान जी के अभिषेक से हुई। इसके बाद आश्रम परिसर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, झांकियां और पताकाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु भजनों पर झूमते-गाते शोभायात्रा में शामिल हुए।

शोभायात्रा के दौरान श्री हनुमान जी की पालकी निकाली गई, जबकि श्रीमद जगदगुरु श्रीरामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज खुली जीप में सवार होकर भक्तों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

इस अवसर पर स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्री हनुमान जी सेवा और समर्पण के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि निस्वार्थ सेवा ही मोक्ष का मार्ग है और व्यक्ति को बिना किसी अहंकार और अपेक्षा के सेवा करनी चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और सभी ने आशीर्वाद प्राप्त किया।