June 6, 2026

फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 4.43 करोड़ की ठगी, साइबर थाना NIT ने खाताधारक को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर एक डॉक्टर से करीब 4 करोड़ 43 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपी प्रशांत सिंह को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के खेडकी माजरा में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-9 निवासी व्यक्ति ने 24 अक्टूबर 2025 को शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसकी एक डेटिंग वेबसाइट पर एक युवती से पहचान हुई, जिसके बाद दोनों की व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत होने लगी। युवती ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया।

ठगों ने उसका अकाउंट एक फर्जी वेबसाइट पर बनवाया और अप्रैल से जून 2025 के बीच उसने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 4,43,68,974 रुपये निवेश कर दिए। जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो वह रकम नहीं निकाल सका।

जांच के दौरान पुलिस ने प्रशांत सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने साथी अतुल कुमार के साथ मिलकर एक फर्म के नाम पर जॉइंट बैंक अकाउंट खुलवाया था, जिसे ठगों को इस्तेमाल के लिए दे दिया गया था। इस खाते में ठगी के करीब 7.5 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।

आरोपी प्रशांत गुरुग्राम में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में उसका साथी अतुल कुमार पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।