June 6, 2026

2 अप्रैल से कॉपियों का मूल्यांकन, मई के दूसरे सप्ताह में आएगा 12वीं का परिणाम

Gurugram/ Alive News:हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ पवन कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं अब समापन की ओर हैं और उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू की जा रही है।बोर्ड के अनुसार, सेकेंडरी (10वीं) कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 2 अप्रैल से शुरू होकर 24 अप्रैल तक चलेगा।

इसके लिए प्रदेश के 22 जिलों में कुल 75 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 6969 अध्यापक अंकन कार्य में लगाए गए हैं।वहीं, सीनियर सेकेंडरी (12वीं) कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 3 अप्रैल से शुरू होकर 28 अप्रैल तक किया जाएगा। इसके लिए 52 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं और लगभग 5009 प्राध्यापक इस कार्य में नियुक्त किए गए हैं।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 12वीं कक्षा का परिणाम मई के दूसरे सप्ताह तक घोषित कर दिया जाएगा, जबकि इसके बाद 10वीं का परिणाम जारी होगा।बोर्ड परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई थीं। 12वीं की परीक्षाएं 1 मार्च तक संपन्न हो रही हैं, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च को समाप्त हो चुकी हैं। इसके अलावा डीएलएड परीक्षाओं के लिए भी 4 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।

मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर बोर्ड ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पहले दिन एक परीक्षक को 15 उत्तरपुस्तिकाएं जांचनी होंगी, जबकि इसके बाद प्रतिदिन 30 कॉपियों का मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही, उप-परीक्षकों द्वारा जांची गई 10 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाओं की रैंडम जांच मुख्य परीक्षक द्वारा की जाएगी।अध्यक्ष ने सभी परीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि मूल्यांकन कार्य समयबद्ध और पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।