June 6, 2026

प्लेटफार्म बदलने की सूचना न मिलने से बाटा स्टेशन पर अफरा-तफरी, यात्री पटरियों पर कूदे

Faridabad/Alive News: बाटा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पलवल से गाजियाबाद जाने वाली ट्रेन संख्या 64057 के प्लेटफार्म परिवर्तन की जानकारी यात्रियों को समय पर नहीं दी गई। पहले यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो पर आने वाली थी, लेकिन अचानक प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंच गई।

प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने जैसे ही ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर चार पर आते देखा, तो कई लोग जल्दबाजी में पटरियों पर कूदकर दूसरी ओर भागने लगे। हालांकि कुछ यात्रियों ने फुटओवर ब्रिज का सहारा भी लिया।रेलवे की इस लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। यदि उसी समय किसी अन्य ट्रैक पर ट्रेन आ जाती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर समय रहते सही अनाउंसमेंट नहीं किया गया, जिससे भ्रम की स्थिति बनी और लोगों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी।

राजकीय रेलवे पुलिस के डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि यह लापरवाही बड़े हादसे में बदल सकती थी। उन्होंने कहा कि रेलवे को भविष्य में समय पर और स्पष्ट अनाउंसमेंट सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।