Faridabad/Alive News: नगर निगम द्वारा आयोजित थियेटर फेस्टिवल के समापन अवसर पर लोक कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान कलाकार श्रुति गुप्ता की मिथिला (मधुबनी) पेंटिंग्स लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
मिथिला पेंटिंग्स, जो भारत की प्राचीन लोक कला का महत्वपूर्ण रूप मानी जाती है, में प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक आकृतियों के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों को दर्शाया जाता है। इसकी परंपरा भगवान राम और माता जानकी के विवाह काल से जुड़ी मानी जाती है।
फेस्टिवल के दौरान दर्शकों ने श्रुति गुप्ता की पेंटिंग्स को खूब सराहा और बड़ी संख्या में लोगों ने इन कलाकृतियों को देखा व खरीदा भी। समापन अवसर पर उपस्थित लोगों ने इस पारंपरिक कला के संरक्षण और प्रचार की सराहना करते हुए कलाकार के प्रयासों की प्रशंसा की।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस फेस्टिवल का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना और भारतीय लोक कलाओं को बढ़ावा देना रहा। फेस्टिवल के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पेंटिंग्स और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लिया।

