June 6, 2026

नवरात्र पर महिलाओं को बड़ी सौगात: जिले में महिला बसें 273 से बढ़कर 500 होंगी

Faridabad/Alive News: नवरात्र के पावन अवसर पर जहां देशभर में नारी शक्ति की आराधना की जा रही है, वहीं हरियाणा सरकार के बजट 2026-27 में घोषित परिवहन योजना को महिला सशक्तीकरण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जिले में महिलाओं और छात्राओं के लिए समर्पित बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 करने का निर्णय लिया गया है, जिससे उनके सुरक्षित और सुगम आवागमन को मजबूती मिलेगी।

शहर के भीतर लंबे समय से सार्वजनिक परिवहन की कमी महिलाओं के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी। कई ऐसे रूट हैं जहां सरकारी बसें नहीं चलतीं, जिसके कारण महिलाओं और छात्राओं को निजी वाहनों या महंगे ऑटो पर निर्भर रहना पड़ता है। खासकर कामकाजी महिलाओं को देर शाम घर लौटते समय सुरक्षा संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

इस योजना को नवरात्र के अवसर पर विशेष रूप से महिला सशक्तीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे न केवल यात्रा सुविधाजनक होगी, बल्कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी।

सेक्टर-8 निवासी शशि मनचंदा, जो दिल्ली स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं, ने बताया कि बसों की संख्या बढ़ने से अब देर शाम घर लौटना पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस होगा और निजी साधनों पर निर्भरता कम होगी।

वहीं, नगला एन्क्लेव की छात्रा पूजा का कहना है कि कॉलेज आने-जाने में उन्हें अक्सर परेशानी होती थी, लेकिन इस फैसले से सफर आसान और किफायती होने की उम्मीद है।

संजय कॉलोनी निवासी सुमन ने बताया कि मेट्रो स्टेशन तक तो बस सुविधा है, लेकिन शहर के अंदर आवागमन में कठिनाई होती है, जिसके कारण ऑटो चालकों को अधिक किराया देना पड़ता है। ऐसे में यह निर्णय आर्थिक राहत देगा।

एनआईटी-5 की काजल उपाध्याय ने कहा कि बसों की कमी लंबे समय से बनी हुई थी और यह फैसला पहले लिया जाना चाहिए था। हालांकि अब इस पहल से शहर की परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा, जिससे समय की बचत के साथ सफर भी सुगम बनेगा।

सरकार की इस पहल को महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।