Faridabad/Alive News: जिले के राजकीय विद्यालयों में अब बिजली की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। शिक्षा विभाग द्वारा 21 सरकारी स्कूलों में सोलर पैनल लगाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। इस पहल से न केवल स्कूलों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस योजना के तहत फतेहपुर तगा, बदरोला, सीकरी, सेक्टर-21डी, सेक्टर-28, फतेहपुर चंदीला, फरीदपुर, मिर्जापुर और मोहना सहित कुल 21 विद्यालयों को शामिल किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इन स्कूलों में सोलर पैनल इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से लगाए जाएंगे।
जिला शिक्षा कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद स्कूलों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा प्राप्त होगी। साथ ही, बिजली कटौती के दौरान भी पढ़ाई बाधित नहीं होगी, जिससे छात्रों को निरंतर शिक्षण सुविधा मिल सकेगी।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। सोलर पैनल के उपयोग से बिजली बिल में कमी आएगी और बची हुई राशि का उपयोग स्कूलों की अन्य शैक्षणिक सुविधाओं को सुधारने में किया जा सकेगा।
इस योजना को लेकर विद्यालयों के शिक्षकों और छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्हें उम्मीद है कि यह पहल शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक साबित होगी।
क्य़ा कहना है जिला विज्ञान विशेषज्ञ का
यह विभाग की अच्छी पहल है। इससे विद्यालयों में बिजली की बचत होगी। साथ ही बिजली मीटर के बिल में भी कमी आएगी। यह योजना अभी पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की गई है। आने वाले समय में इसका विस्तार किया जाएगा।
– श्रीकृष्ण शर्मा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ

