Faridabad/Alive News: गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच एक जरूरतमंद परिवार की समस्या सोशल मीडिया के जरिए सीधे प्रशासन तक पहुंची और महज दो घंटे में उसका समाधान कर दिया गया। मामला मुजेसर आजाद नगर का है, जहां रहने वाले ओमप्रकाश ने सिलिंडर न मिलने पर सीएम से गुहार लगाई थी।
ओमप्रकाश ने बताया कि उनके परिवार में छह बेटियां हैं और आर्थिक तंगी के कारण उनके पास मौजूद दो सिलिंडरों में से एक हमेशा खाली रहता है। उन्होंने 24 मार्च को गैस सिलिंडर की बुकिंग कराई थी, जिसकी डिलीवरी के लिए 27 मार्च की तारीख दी गई थी। हालांकि, उनका सिलिंडर पांच दिन पहले ही खत्म हो चुका था, जिसके चलते वह बृहस्पतिवार को एजेंसी पर सिलिंडर लेने पहुंचे।
एजेंसी पर कर्मचारियों ने सिलिंडर उपलब्ध न होने की बात कहते हुए उन्हें 10 अप्रैल को आने के लिए कहा। इससे परेशान होकर ओमप्रकाश ने अपनी समस्या सोशल मीडिया पर सीएमओ हरियाणा के नाम साझा कर दी।
जैसे ही यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, प्रशासन हरकत में आ गया। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर ओमप्रकाश के घर गैस सिलिंडर पहुंचा दिया।
जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी मूर्ति दलाल ने पुष्टि की कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए और परिवार तक सिलिंडर पहुंचा दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से जहां परिवार को राहत मिली, वहीं प्रशासन की सक्रियता की भी सराहना की जा रही है।

