June 6, 2026

रामनवमी पर श्रीसिद्धदाता आश्रम में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड मार्ग स्थित श्रीलक्ष्मी नारायण दिव्यधाम–श्रीसिद्धदाता आश्रम में रामनवमी और चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्ति, आस्था और उल्लास का भव्य संगम देखने को मिला। इस अवसर पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने कार्यक्रम में भाग लिया।

आश्रम के अधिष्ठाता एवं श्रीरामानुज संप्रदाय की तीर्थपीठ इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा के पीठाधीश्वर अनंतश्री विभूषित श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्रीपुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने भगवान श्रीराम का विधिवत अभिषेक कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि भगवान श्रीराम केवल पूजनीय देवता ही नहीं, बल्कि आदर्श जीवन के प्रतीक हैं। उनके जीवन में निहित मर्यादा, त्याग, सत्य और धर्म के सिद्धांत मानव जीवन को सफल बनाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

रामनवमी के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। हाथी-घोड़ा पालकी की भव्यता तथा भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को दर्शाती आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर 500 से अधिक महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा आयोजन का विशेष आकर्षण रही। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे कार्यक्रम की आध्यात्मिक गरिमा और अधिक बढ़ गई।

कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने भजन-कीर्तन और रामचरित के गायन के माध्यम से भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया। आश्रम परिसर में हर ओर भक्ति रस की अविरल धारा बहती रही।

इसके साथ ही स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद-वेदांग संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों और आचार्यों द्वारा देवी पुराण एवं श्रीमद्भागवत के मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। युवाचार्य स्वामी अनिरुद्धाचार्य जी ने विश्व कल्याण की कामना के साथ विशेष पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का समापन कराया।