June 13, 2026

26 व 31 मार्च को अनंगपुर व पाली रोड में लगाए जाएंगे जागरूकता शिविर

Faridabad/Alive News: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी मानव-वन्यजीव संघर्ष (Human-Wildlife Conflict) पीड़ितों को न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने संबंधी योजना-2025 के क्रियान्वयन की प्रक्रिया जिला स्तर पर शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। यह जानकारी मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रितु यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 26 मार्च 2026 को गांव अनंगपुर (वन क्षेत्र) में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में डीएफओ झेलकर संपर्क अधिकारी के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि पैरा लीगल वालंटियर एस.एस. भड़ाना सहयोग प्रदान करेंगे।

इसके अतिरिक्त 31 मार्च 2026 को गांव पाली रोड (वन क्षेत्र) में दूसरा जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें पैनल अधिवक्ता सुनील दत्त द्वारा लोगों को विधिक जानकारी दी जाएगी।

रितु यादव ने बताया कि जिला स्तर पर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जेएसएस प्रभात शंकर श्रीवास्तव को मानव-वन्यजीव संघर्ष (HWC) का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, जन-जागरूकता, समन्वय और पीड़ितों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पैनल अधिवक्ता सुनील दत्त और पैरा लीगल वालंटियर एस.एस. भडाना को नामित किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों को कानूनी सहायता और न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।