Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में इंडियन ऑयल की अनुसंधान एवं विकास इकाई द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत बल्लभगढ़ स्थित एलिम्को परिसर में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 116 पूर्व चिन्हित लाभार्थियों को करीब 69.43 लाख रुपये की लागत से आधुनिक उपकरण एवं 3 डी प्रिंटिंग से बने कृत्रिम अंग वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आलोक शर्मा, निदेशक, इंडियन ऑयल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर इंडियन ऑयल, एलिम्को, जिला रेड क्रॉस सोसायटी व विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने कहा कि इंडियन ऑयल दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। शिविर में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, 3 डी प्रिंटेड कृत्रिम अंग, स्पाइनल ब्रेस, बैसाखी व अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने एलिम्को की 3 डी स्कैनिंग एवं प्रिंटिंग यूनिट का भी निरीक्षण किया।

