Faridabad/Alive News: पुलिस ने गांव मलेरना में महिला और उसके ससुर को छत से धक्का देकर गिराने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव मलेरना निवासी एक महिला ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि 4 मार्च को वह अपनी ननद के साथ घर की छत पर मौजूद थी। उसी दौरान उनके पड़ोसी रोहित और मोहित अपने दो साथियों के साथ उनकी छत पर आ गए और उन्हें रंग व किचड़ लगाने लगे।
जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने बदतमीजी शुरू कर दी। शोर सुनकर महिला के ससुर ओमप्रकाश उन्हें रोकने के लिए छत पर आए। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने महिला और उसके ससुर को धक्का देकर छत से नीचे गिरा दिया, जिससे दोनों को चोटें आईं।
इस मामले में थाना सदर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोहित (28) और मोहित (21) को गिरफ्तार किया। दोनों सगे भाई हैं और गांव मलेरना के ही रहने वाले हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी रोहित के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़ा, चोरी और शस्त्र अधिनियम सहित 4 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है

