Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2 देसी कट्टे बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 8 मार्च को क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने सिही बाईपास रोड से सोहेब (21) निवासी आजाद नगर, मुजेसर को एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में सोहेब ने बताया कि उसने यह कट्टा साहिल (19) निवासी सेक्टर-24, फरीदाबाद से 3500 रुपये में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साहिल को भी आजाद नगर सेक्टर-24 से गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने अमजद खान (34) निवासी गांव कुरेशीपुर, धौज को आईएमटी एरिया से एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

