March 12, 2026

फरीदाबाद में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा: एक हफ्ते में 15 आरोपी गिरफ्तार, 12.49 लाख रुपये बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में साइबर थानों की टीम ने पिछले एक सप्ताह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 12,49,559 रुपये भी बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 28 फरवरी से 6 मार्च के बीच साइबर थाना टीमों ने 7 मामलों में कार्रवाई की। इनमें साइबर थाना एनआईटी के 4, सेंट्रल के 2 और बल्लभगढ़ का 1 मामला शामिल है।

इस दौरान पुलिस ने 284 शिकायतों का समाधान किया और करीब 5,53,279 रुपये अलग-अलग खातों में फ्रिज (फ्रीज) कराए, ताकि ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोका जा सके।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पंकज प्रताप, शिवम, प्रशांत कुमार, आकाश कुमार, वसीम, लक्ष्य खंडेलवाल, आशीष कुमावत, राजकुमार, मोहित, तुषार, दिग्विजय सिंह, मंतोष, जितिन चौधरी, कुंदन पटेल और प्रशांत कुमार शामिल हैं।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें और किसी भी लालच में न आएं। अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत करें।