Faridabad/Alive News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर फरीदाबाद में सामुदायिक पुलिसिंग सेल और यथार्थ हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के लिए एक विशेष महिला बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और शहर में बाइक चलाकर ट्रैफिक नियमों का पालन करने और नशा मुक्त भारत का संदेश दिया।
रैली की शुरुआत सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने हरी झंडी दिखाकर की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हर बेटी को शिक्षित करना जरूरी है। शिक्षा के जरिए ही महिलाएं मजबूत बनती हैं और समाज में होने वाले अपराधों को रोकने में भी मदद मिलती है।
निरीक्षक सुनीता ने महिलाओं को महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और बाल विवाह कानून के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो बेटियों के भविष्य और अधिकारों को नुकसान पहुंचाती है। इसलिए लोगों को इसके खिलाफ जागरूक होना और कानूनों का पालन करना बहुत जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को कई जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें डायल 112 (आपातकालीन सेवा), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन), 1033 और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल हैं। इसके साथ ही नशे से जुड़ी शिकायत और सलाह के लिए MANAS ऐप के बारे में भी बताया गया।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से करीब 1200 लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने, महिला सुरक्षा और नशा मुक्त समाज के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम के जरिए समाज में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया गया।

