March 7, 2026

घर में घुसकर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की अपराध शाखा (सेक्टर-85) ने घर में घुसकर मोबाइल और नकदी चोरी करने के मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विशाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद के पदम नगर में रह रहा था।

​सेक्टर-87 के रहने वाले संदीप कुमार ने खेड़ीपुल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 फरवरी की रात को कोई उनके घर में घुस आया था। चोर ने कमरे से उनका मोबाइल फोन और अलमारी में रखी नकदी चोरी कर ली थी। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

​पुलिस पूछताछ में आरोपी विशाल ने कबूल किया कि वह घर के मुख्य गेट के ऊपर से कूदकर अंदर दाखिल हुआ था। उसने मौका पाकर बड़ी सफाई से फोन और पैसे चुराए और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

​आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल (न्यायिक हिरासत) भेज दिया गया है।