Faridabad/Alive News: “होली आई रे फागण रे महीने मस्ती छाई रे…” और “फागण रो महीनो आयो, होली खेलां राजस्थानी…” जैसे पारंपरिक लोकगीतों की गूंज के बीच फरीदाबाद में राजस्थान एसोसिएशन द्वारा होली मिलन समारोह “रंगोत्सव 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम नेशनल हाइवे स्थित ड्रीमलैंड बैंक्वेट हॉल में आयोजित हुआ, जहां राजस्थानी संस्कृति, लोक कला और भाईचारे की अनूठी छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजस्थान समाज की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि आधुनिकता की दौड़ में भी उसने अपनी समृद्ध संस्कृति को जीवंत बनाए रखा है। उन्होंने प्रवासी राजस्थानी उद्यमियों के योगदान की सराहना करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर तथा बड़खल विधानसभा से विधायक धनेश अदलखा मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत एसोसिएशन अध्यक्ष गौतम चौधरी सहित पदाधिकारियों ने प्लांटर, बुके और स्मृतिचिन्ह देकर किया।
इस अवसर पर औद्योगिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। अध्यक्ष गौतम चौधरी ने बताया कि एसोसिएशन सामाजिकता के 50 वर्ष पूरे कर रहा है और आगे भी समाजसेवा व समरसता के कार्य जारी रखेगा।
कार्यक्रम में गायक शहजाद अली और रेनू नागर ने “केसरिया बालम”, “घूमर” सहित कई प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मेघराज मारवाड़ी एंड पार्टी, ढोल-नगाड़ा और कच्छी घोड़ी नृत्य ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया।
होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, उद्योगपति और महिला इकाई की सदस्याएं उपस्थित रहीं। प्रसिद्ध केटरर चंद्र जैन के व्यंजनों ने भी मेहमानों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम ने एक बार फिर साबित किया कि फरीदाबाद में बसे राजस्थानी समाज ने अपनी परंपराओं और संस्कृति को आज भी पूरी शिद्दत से संजोकर रखा है।

