Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। सभी थाना और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करेंगे और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक नियमों पर खास ध्यान
होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, और ब्लैक फिल्म लगाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। पुलिस ने बताया कि नशे में तेज गति से वाहन चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए ऐसे लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था प्राथमिकता
महिलाओं के साथ अभद्रता रोकना, यातायात व्यवस्था बनाए रखना और कानून-व्यवस्था कायम रखना पुलिस की मुख्य प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। होली और फाग के दिन सरकारी अस्पतालों में भी अतिरिक्त पुलिस मौजूद रहेगी।
जिले में 70 से अधिक पेट्रोलिंग टीमें गश्त करेंगी और 50 से ज्यादा स्थानों पर नाकाबंदी कर चेकिंग की जाएगी। अपराध शाखा की टीमें भी लगातार निगरानी रखेंगी।
सोशल मीडिया पर भी नजर
भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। रमजान का महीना भी चल रहा है, इसलिए सभी धर्मों का सम्मान करें और किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं।

