September 15, 2026

परीक्षा खत्म होते ही रंगों में झूमे छात्र और छात्राएं

Faridabad/Alive News: होली का पर्व नजदीक आते ही छात्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों ने अपने सहपाठियों को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। किसी के चेहरे पर हरा तो किसी के चेहरे पर गुलाबी रंग नजर आया और हर ओर खुशी का माहौल दिखाई दिया।

एनआईटी पांच नंबर स्थित राजकीय कन्या विद्यालय में भी कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला। पेपर समाप्त होते ही छात्र और छात्राएं अपने दोस्तों के साथ विद्यालय के बाहर होली के रंगों में सराबोर नजर आए। “होली है!” के नारों के बीच छात्रों ने हंसी-खुशी एक-दूसरे को गुलाल लगाया।

स्कूल के बाहर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। अभिभावक भी अपनी बेटियों की खुशी में शामिल होते नजर आए। कई अभिभावकों ने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

परीक्षा के तनाव के बाद रंगों से भरा यह आनंदमय वातावरण छात्राओं के लिए यादगार पल बन गया। जिम्मेदारी पूरी करने की संतुष्टि और त्योहार की उमंग ने दिन को खास बना दिया।