June 13, 2026

फरीदाबाद में होली से पहले ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, लोगों को किया गया जागरूक

Faridabad/Alive News: होली और फाग पर्व को देखते हुए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने शहर में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 से 4 मार्च 2026 तक विशेष जागरूकता और ट्रैफिक प्रबंधन अभियान शुरू किया है।

इस अभियान के तहत बल्लभगढ़ के सोहना टी-पॉइंट पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऑटो चालकों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों सहित आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए समझाया गया।
पुलिस ने बताया कि होली के दौरान लापरवाही से वाहन चलाने से गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए लोगों को शराब पीकर वाहन न चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी न बैठाने, गाड़ियों पर अवैध ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल न करने और तेज व खतरनाक ड्राइविंग से बचने की सलाह दी गई। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के महत्व को भी विस्तार से बताया गया।

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान ड्रंकन ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, ब्लैक फिल्म और अन्य नियमों के उल्लंघन पर विशेष चालान अभियान चलाया जाएगा। शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर लगातार ऐसे जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से त्योहार मना सकें।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ट्रैफिक एडवाइजरी और जाम से जुड़ी ताज़ा जानकारी के लिए पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स को नियमित रूप से फॉलो करें और जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा में सहयोग करें।