Faridabad/Alive News: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा आबकारी मामले में आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं को बरी किए जाने के बाद पार्टी के फरीदाबाद जिला अध्यक्ष रविंद्र फौजदार ने इसे सच्चाई की जीत बताया है और विपक्ष पर निशाना साधा है।
रविंद्र फौजदार ने कहा कि अदालत के फैसले से साफ हो गया है कि जांच एजेंसी आरोप साबित करने में सफल नहीं रही और किसी तरह की आपराधिक साजिश या भ्रष्टाचार का ठोस सबूत सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त प्रमाण के गंभीर आरोप लगाए गए, जो न्याय और लोकतंत्र की भावना के खिलाफ थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी नेताओं को बदनाम करने के लिए लंबे समय तक राजनीतिक द्वेष के तहत झूठा माहौल बनाया गया, मीडिया में ट्रायल चलाया गया और जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई। अदालत के फैसले ने दिखा दिया कि मामला कमजोर जांच और अनुमानों पर आधारित था।
फौजदार ने कहा कि विपक्ष विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर मुकाबला नहीं कर पाया, इसलिए झूठे आरोपों की राजनीति की गई। अब जब अदालत ने सच्चाई स्पष्ट कर दी है, तो आरोप लगाने वालों को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी ईमानदार राजनीति, पारदर्शिता और जनसेवा के एजेंडे पर आगे भी मजबूती से काम करती रहेगी और यह फैसला सच्ची राजनीति में जनता के विश्वास की जीत है।

