June 6, 2026

कंपनी से मशीन पार्ट्स चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए कंपनी से मशीन के पार्ट्स और टूल्स चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी सेक्टर-19 की टीम ने की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतेन्द्र निवासी गांव सोहंई शाहपुर, जिला छपरा (हाल निवासी सैय्यद वाडा, ओल्ड फरीदाबाद) और सुनील निवासी गांव दावतपुर, जिला छपरा (बिहार), हाल नई बसेलवा कॉलोनी के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसजीएम नगर निवासी विजय ने पुलिस चौकी सेक्टर-19 में शिकायत दी थी। वह शास्त्री कॉलोनी स्थित एक कंपनी में मैनेजर है। 23 फरवरी की सुबह जब वह कंपनी पहुंचा तो ऑफिस की अलमारी का ताला टूटा मिला और वहां से मशीन के पार्ट्स व टूल्स चोरी थे। शिकायत के आधार पर थाना ओल्ड फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि सतेन्द्र पहले उसी कंपनी में काम करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। उसे कंपनी में सामान रखने की जगहों की पूरी जानकारी थी। 22 फरवरी की रात वह कंपनी में घुसा, कमरे का ताला तोड़ा और अलमारी से मशीन के पार्ट्स व टूल्स चोरी कर लिए। बाद में उसने चोरी का सामान अपने परिचित सुनील को दे दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।