June 6, 2026

रेहड़ी वाले से अवैध वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने रेहड़ी वाले से जबरन पैसे वसूलने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल उर्फ गिन्नी, निवासी एनआईटी फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, राहुल कॉलोनी निवासी तेजपाल ने टाउन नंबर-2 पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। उसने बताया कि वह गोल्फ कोर्स रोड पर रेहड़ी लगाता है। आरोपी अनुज भडाना और विशाल उर्फ गिन्नी उससे अवैध रूप से पैसे मांगते थे।

23 फरवरी को दोनों आरोपी उसके पास आए और 500 रुपये की जगह हजार रुपये प्रति 15 दिन देने की मांग की। जब उसने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उसकी रेहड़ी पलट दी। आसपास लोगों की भीड़ जुटने पर दोनों मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने विशाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह अपने साथी अनुज के साथ वसूली करने गया था और विरोध करने पर झगड़ा कर रेहड़ी पलट दी।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।