March 7, 2026

शेयर मार्केट और IPO में निवेश का झांसा देकर 1.38 करोड़ की ठगी, खाताधारक उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर ठग लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लगातार ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने निवेश के नाम पर हुई 1,38,05,425 रुपये की ठगी में बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश कुमार, निवासी सांवरीज, जिला फलौदी (राजस्थान) के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?
सेक्टर-21C निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार की ट्रेनिंग और निवेश सिखाने का दावा किया जा रहा था। ठगों ने उसे एक लिंक भेजकर ऐप डाउनलोड करवाया और सत्यापन के नाम पर आधार कार्ड मंगवाया। इसके बाद शिकायतकर्ता से ऐप में 50 हजार रुपये टॉप-अप करने को कहा गया। रकम जमा करने के बाद उसे “VIP ग्रुप” में शामिल किया गया, जहां अधिक मुनाफे का लालच देकर लगातार निवेश करवाया गया। ठगों के कहने पर उसने अलग-अलग किश्तों में 16 ट्रांजेक्शन के जरिए पहले 1.5 लाख, फिर 50 हजार, फिर 2.5 लाख और इसी तरह कुल 1,38,05,425 रुपये जमा कर दिए।

23 अक्टूबर 2024 को शिकायतकर्ता को फोन आया कि ग्रुप का मालिक पुलिस हिरासत में है और पैसे निकालने के लिए 15,92,300 रुपये “टैक्स” देना होगा। मना करने पर उससे 9,55,425 रुपये और जमा करवाए गए। जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो ऐप में “पेमेंट इन प्रोग्रेस” दिखता रहा, लेकिन उसके खाते में कोई रकम नहीं आई। तब उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी नरेश कुमार ने अपने गांव के ही श्याम नामक व्यक्ति का बैंक खाता लेकर ठगों को उपलब्ध कराया था। उस खाते में ठगी के लगभग 3 लाख रुपये आए थे।नरेश अपने गांव में परचून की दुकान चलाता है और पैसों के लालच में उसने खाता उपलब्ध कराया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।