March 7, 2026

उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निपटान को प्राथमिकता: एमडी

Faridabad/Alive News: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में निगम के परिचालन एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा भी उपस्थित रहे।

बैठक में राजस्व सुधार, लाइन हानियों में कमी, बिलिंग दक्षता, एटी एंड सी लॉस, बकाया वसूली, बिजली चोरी रोकथाम, डिस्कनेक्ट उपभोक्ताओं से रिकवरी तथा लंबित शिकायतों की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उपभोक्ता शिकायतों का समयबद्ध व संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

एमडी ने ‘मेरा गांव जगमग गांव’ एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रगति की समीक्षा करते हुए 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए फीडर स्तर पर सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही 11 केवी व 33 केवी फीडरों की ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन, क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों, सुरक्षा मानकों के पालन और प्रिवेंटिव मेंटेनेंस पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रह में सुधार, लाइन लॉस में कमी, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन और उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में निदेशक (ऑपरेशन) विपिन गुप्ता सहित निगम मुख्यालय व फरीदाबाद सर्कल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।