March 7, 2026

गोदाम से मसाले चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में पुलिस ने गोदाम से मसाले चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी एक आरोपी और उसके साथी को चोरी के मसाले बेचने के आरोप में पकड़ा गया है। मामले की जांच तब शुरू हुई जब जवाहर कॉलोनी निवासी एक डिस्ट्रीब्यूटर ने शिकायत दी कि उसके गोदाम से लगातार मसाले चोरी हो रहे हैं। वह एम. डी. एच. मसाले का डिस्ट्रीब्यूटर है।

जांच में सामने आया कि गोदाम में काम करने वाले कर्मचारियों ने ही मसाले चोरी किए और उन्हें एक आरोपी के माध्यम से आगे बेच दिया। चोरी का सामान बाद में एक दुकानदार को बेच दिया गया। इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही 21 जनवरी को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने एक आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।