Faridabad/Alive News: स्टडी ग्लोबल सर्विसेज की ओर से थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए एक विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित और पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना था, ताकि उन्हें समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल सके।
शिविर के आयोजन में प्रतीक और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। उनकी मेहनत, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से यह कार्यक्रम सफल हो सका। बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब फरीदाबाद सेंट्रल के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। साथ ही हरियाणा सरकार की पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिका सहित कई गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लेकर आयोजकों का उत्साह बढ़ाया।
विशेष रूप से सोनीपत से रक्तदाता सतबीर अपनी टीम के साथ शिविर में पहुंचे और अनेक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भविष्य में सोनीपत में भी इसी प्रकार का शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को लाभ मिल सके।
संस्था द्वारा हर वर्ष नियमित रूप से ऐसे रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को लगातार सहायता मिलती रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजसेवा के कार्य जारी रखने का संकल्प लिया

