Faridabad/Alive News:सेक्टर–21ए में सर्वोदय फाउंडेशन सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के संयुक्त तत्वावधान में ‘जीरो वेस्ट’ (जीरो वेस्ट) विषय पर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को कचरा निपटान, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विपुल गोयल ने कार्यक्रम के दौरान एरोबिन मशीन की स्थापना, साइकिल वितरण तथा मियावाकी फॉरेस्ट ट्रेल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भारतीय प्रदूषण नियंत्रण संघ (IPCA) द्वारा एरोबिन मशीन का वितरण किया गया। IPCA के प्रमुख आशीष जैन विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। साथ ही IPCA के सहयोगी मदरसन ग्रुप के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें स्वच्छता, कचरा निपटान और जीरो वेस्टलाइफ़ का संदेश दिया गया। प्लास्टिक मुक्त अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए नागरिकों को कपड़े के थैले भी वितरित किए गए।
अपने मंत्रियों में विपुल गोयल ने कहा कि जीरो वेस्ट की दिशा में इस प्रकार की पहलें समाज में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं। उन्होंने सामाजिक संगठनों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों की सराहना की।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, हरित और जीरो वेस्ट मॉडल की ओर अग्रसर करने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा इस प्रकार के सहयोगी कार्यक्रम सकारात्मक परिणाम देते हैं।
कार्यक्रम में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के सदस्यगण भी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में आयोजकों ने अतिथियों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

