Faridabad/Alive News: साइबर ठगों ने अस्पताल से बोलने का झूठा दावा कर एक व्यक्ति को उसकी बेटी के एक्सीडेंट और गंभीर हालत का भय दिखाकर 1.85 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में थाना साइबर अपराध सेंट्रल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सूरदास कॉलोनी, तिलपत निवासी सुभाष चंद्र यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 जनवरी 2026 को उनके पास व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वालों ने स्वयं को अस्पताल का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनकी बेटी पूनम का सड़क हादसा हो गया है और वह गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती है।
ठगों ने कहा कि तत्काल इलाज के लिए पैसे जमा कराने होंगे, अन्यथा उपचार रोक दिया जाएगा और जान का खतरा हो सकता है। बेटी की जान को लेकर घबराए पिता ने आरोपितों द्वारा बताए गए बैंक खाते में तुरंत 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद आरोपितों ने दोबारा कॉल कर मामला और गंभीर बताते हुए अतिरिक्त रकम की मांग की। उनके कहने पर 15 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से भेजे गए। ठगों ने फोन पर ही 50 हजार और 30 हजार रुपये भी अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह कुल 1,85,000 रुपये की ठगी कर ली गई।
बाद में जब उनकी बेटी सुरक्षित घर पहुंची तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

