June 6, 2026

एक्सपायरी मिल्की बार वितरण पर शिक्षा विभाग सख्त, स्कूल मुखियाओं को जारी किया पत्र

Faridabad/Alive News: जिले के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को एक्सपायरी मिल्की बार दिए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग की ओर से सभी स्कूल मुखियाओं को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विद्यार्थियों को वितरित किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और एक्सपायरी तिथि की पूरी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रशासन की होगी।

जारी निर्देशों के अनुसार स्कूलों में मिल्की बार खिलाने की जिम्मेदारी संबंधित कक्षा इंचार्ज की होगी। साथ ही विद्यार्थियों को मिल्की बार, इंस्टेंट खीर और पिन्नी वितरित करते समय उनकी एक्सपायरी डेट की अनिवार्य रूप से जांच की जाएगी। यदि किसी स्कूल में इस संबंध में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित स्कूल मुखिया के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

1.25 लाख से अधिक विद्यार्थी प्रभावित
जिले के 378 राजकीय प्राथमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में 1.25 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें लगभग 80 हजार विद्यार्थी बाल वाटिका से लेकर आठवीं कक्षा तक के हैं, जिन्हें प्रतिदिन पोषण योजना के तहत मिड डे मील उपलब्ध कराया जाता है।

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और संतुलित आहार को ध्यान में रखते हुए सप्ताह में एक दिन पिन्नी, एक दिन इंस्टेंट खीर व दूध तथा एक दिन मिल्की बार वितरित की जाती है, ताकि बच्चों को आवश्यक पोषक तत्व मिल सकें।

हाल ही में कुछ अभिभावकों ने शिकायत की थी कि उनके बच्चों को एक्सपायरी मिल्की बार वितरित की गई। इन शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सभी स्कूलों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि किसी दिन विद्यार्थियों की अनुपस्थिति के कारण मिल्की बार या पिन्नी बच जाती है तो उन्हें अगले दिन वितरित किया जाए। इसके बाद भी यदि खाद्य सामग्री शेष रहती है तो एक्सपायरी तिथि से पहले सप्ताह में दो दिन वितरित कर दी जाए।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पत्र जारी होने के बाद भी यदि किसी सरकारी स्कूल में बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया गया या लापरवाही बरती गई, तो संबंधित स्कूल मुखिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।