March 7, 2026

सफाई कर्मचारी नगर निगम की रीढ़, 2950 कर्मचारियों को ट्रैकसूट और सुविधाएं वितरित

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने नगर निगम के 2950 सफाई कर्मचारियों को ट्रैकसूट वितरित किए। इसके साथ ही हाजिरी शेड के लिए 82 मेडिकल किट दी गईं और कर्मचारियों के बैठने की सुविधा के लिए 82 टेबल और 82 कुर्सियां भी उपलब्ध कराई गईं।

महापौर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की पहले से रखी गई मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी कर्मचारियों की उचित जरूरतों को पूरा किया जाएगा और किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम के मजबूत स्तंभ हैं। उनकी मेहनत से ही शहर साफ-सुथरा और सुंदर बनता है। अब सभी कर्मचारी एक जैसे ट्रैकसूट में नजर आएंगे, जिन पर नगर निगम का लोगो होगा, जिससे एकरूपता और पहचान दोनों बनी रहेगी।

इस मौके पर नगर निगम के कई अधिकारी, कर्मचारी और सफाई यूनियन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।