March 7, 2026

दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 हजार रुपये बरामद

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरुण के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव लालपुर, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में भुड़ कॉलोनी, ओल्ड फरीदाबाद में रह रहा था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, भूपानी निवासी सचिन ने पुलिस चौकी सेक्टर-19 में शिकायत दी थी कि 30 जनवरी की रात वह अपनी दुकान बंद करके घर चला गया था। अगले दिन जब वह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और करीब 40 हजार रुपये नगद चोरी हो चुके हैं। शिकायत के आधार पर थाना ओल्ड फरीदाबाद में चोरी का मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को भारत कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब 5 मामले दर्ज हैं। आरोपी ने मौका देखकर दुकान का ताला तोड़ा और अंदर रखी नगदी चोरी कर ली।

पुलिस ने आरोपी से चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।