September 17, 2026

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल बोले विकास और जनविश्वास हमारी प्राथमिकता

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के वार्ड नंबर-36 में लगभग 4 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह पहल केवल परियोजनाओं का शुभारंभ नहीं, बल्कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और उत्कृष्ट फरीदाबाद के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास को धरातल पर उतारकर नागरिकों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। उन्होंने बताया कि वार्ड-36 में नए ट्यूबवेल, सुदृढ़ जल आपूर्ति व्यवस्था, मजबूत सड़कों का निर्माण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी आधुनिक योजनाएं लागू की जा रही हैं, जो क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देंगी।

विपुल गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति का मूल आधार विकास, पारदर्शिता और जनविश्वास है। भाजपा नारे देने की नहीं, बल्कि परिणाम देने की राजनीति में विश्वास रखती है। फरीदाबाद में दिखाई दे रहा विकास मजबूत कार्यसंस्कृति, जवाबदेही और पारदर्शिता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर प्रगति कर रहा है और सरकार का लक्ष्य है कि हर शहर, हर कॉलोनी और हर वार्ड तक बुनियादी सुविधाएं प्रभावी रूप से पहुंचें। उन्होंने फरीदाबाद को मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी राष्ट्रीय विकास यात्रा में फरीदाबाद भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मजबूत आधारभूत संरचना और आधुनिक सुविधाएं ही देश के समग्र विकास को गति देती हैं।

उन्होंने कहा कि जनता द्वारा दिया गया विश्वास उनके लिए प्रेरणा और जिम्मेदारी दोनों है। इसी विश्वास के बल पर फरीदाबाद को विकास, सुविधा, स्वच्छता और अवसरों की नई पहचान देने का संकल्प लिया गया है।

कार्यक्रम के अंत में विपुल गोयल ने नागरिकों से विकास कार्यों की निगरानी करने, सुझाव देने और इस सकारात्मक बदलाव के सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं और सरकार-जनता का आपसी विश्वास ही सच्चे विकास की सबसे बड़ी शक्ति है।