March 7, 2026

सूरजकुंड झूला हादसा: 2 आरोपी गिरफ्तार, शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को दी गई श्रद्धांजलि

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड मेला परिसर में 7 फरवरी को हुए झूला हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में लोगों को बचाते हुए हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद शहीद हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, झूला टूटने की इस घटना के बाद थाना सूरजकुंड में हिमाचल फन केयर कंपनी के मालिक मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर डीसीपी क्राइम की निगरानी में तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।

जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए झूला लगाने वाली कंपनी के मालिक मोहम्मद शाकिर निवासी जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश और एक अन्य आरोपी नितेश निवासी मेरठ कैंट, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हादसे के बाद पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचकर शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। पोस्टमार्टम के बाद शहीद का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।

डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने घायलों की जान बचाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। पुलिस विभाग को उन पर गर्व है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहीद के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी और अनुकंपा नीति के तहत परिवार के एक योग्य सदस्य को नौकरी दी जाएगी।

डीजीपी ने सिविल अस्पताल और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पुलिस के अनुसार इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए थे, जिनकी हालत अब सामान्य है। इनमें से 5 घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।