Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ क्षेत्र के पास हरी विहार इलाके में आज सुबह करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय तीन महिलाएं तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका पैर कट गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम थी, जिससे यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह महिलाएं रोज़ इसी रास्ते से होकर काम पर जाती थीं। रेलवे ट्रैक के पास दीवार टूटी हुई है और यहां से सेक्टर-59 के इंडस्ट्रियल एरिया में जाने के लिए लोग अक्सर इसी छोटे रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल पर महिलाओं के जूते, टिफिन और अन्य सामान पड़े मिले। हालांकि मृतकों की पहचान और उनके निवास स्थान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, कुछ लोग उन्हें सुभाष कॉलोनी का निवासी बता रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस जगह पर पहले भी हादसे हो चुके हैं और यहां से बड़ी संख्या में मजदूर रोज़ाना रेलवे ट्रैक पार करते हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां के लिए फुट ओवर ब्रिज बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

